बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में भर्ती पद्मश्री प्रो. टी के लाहिड़ी के साथ मारपीट के आरोपों की जांच अब एक संयुक्त कमेटी करेगी। राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल के निर्देश पर तीन सदस्यीय और सात सदस्यी
वाराणसी । विंध्यलीडर संवाददाता। बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल के कॉर्डियोथोरेसिक विभाग में भर्ती पद्मश्री प्रो. टीके लाहिड़ी के साथ मारपीट के आरोपों की जांच अब संयुक्त कमेटी करेगी। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय कमेटी और बीएचयू की सात सदस्यीय आंतरिक कमेटी को अब एक कर दिया गया है।

संयुक्त कमेटी प्रो. लाहिड़ी के साथ हुई कथित घटना से जुड़े तथ्यों, परिस्थितियों और आरोपों की जांच करेगी। कमेटी संबंधित लोगों से जानकारी लेने के साथ उपलब्ध तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार करेगी। दो कमेटियों को मिलाने का निर्णय इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे जांच एक ही स्तर पर समन्वित तरीके से हो सकेगी।
दूसरी ओर बीएचयू प्रशासन ने प्रो. लाहिड़ी के परिवार को ई-मेल भेजकर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी दी है। मेल में उनकी वर्तमान स्थिति और अस्पताल में उनके उपचार से संबंधित जानकारी परिवार से साझा की गई है। बीएचयू की ओर से यह भी कहा गया है कि यदि परिवार के सदस्य इच्छा रखते हैं तो कोलकाता से वाराणसी आकर उनसे मिल कर हालचाल ले सकते हैं।



