प्रयागराज । मुकुंदपुर युवा जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी सौरभ यादव द्वारा कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित भव्य दही हांडी एवं बिरहा कार्यक्रम में युवाओं का जोश और उत्साह देखते ही बना। कार्यक्रम में विभिन्न टीमों ने पूरे उत्साह के साथ दही हांडी फोड़ने का प्रयास किया, जिसमें ग्रामसभा मुकुंदपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।

विजेता टीम का नेतृत्व छोटू सरोज ने किया। टीम की जीत के बाद युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे कार्यक्रम स्थल पर जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में आयोजित बिरहा सम्मेलन में लोकप्रिय कलाकार रुचि यादव एवं सूरज यादव ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। देर तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन युवाओं को अपनी परंपरा, संस्कृति और सामाजिक एकता से जोड़ने का काम करते हैं। दही हांडी में युवाओं का सामूहिक प्रयास और बिरहा की लोक संस्कृति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।



