बिहार रेलवे ओवर ब्रिज परियोजना : पीएम सीतामढ़ी के बहुप्रतीक्षित ओवरब्रिज मेहसौल के निर्माण कार्य को मार्च 2027 तक पूरा करने की अंतिम …
सीतामढ़ी। विंध्यलीडर संवाददाता । शहर के बहुप्रतीक्षित ओवरब्रिज मेहसौल परियोजना के निर्माण कार्य को पूर्ण कराने के लिए जिलाधिकारी ने मार्च 2027 की अंतिम समय सीमा निर्धारित की गई है।
समाहरणालय स्थित विमर्श कक्ष में गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण में अनावश्यक विलंब कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पाक्षिक रिपोर्ट और मॉनिटरिंग
परियोजना की प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाएगी और निर्माण एजेंसी द्वारा लगाए गए संसाधनों का प्रशासनिक स्तर पर नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित होगा। रेलवे द्वारा निर्मित किए जा रहे हिस्से के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने एजेंसी को प्रत्येक 15 दिनों पर निर्माण की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने का आदेश दिया।जिलाधिकारी ने कड़े शब्दों में कहा कि निर्धारित डेडलाइन का हर हाल में पालन होना चाहिए ।
गुणवत्ता और गति पर जोर
बैठक में परियोजना की अद्यतन प्रगति, शेष कार्यों, निर्माण गुणवत्ता, अतिक्रमण हटाने, जलजमाव निवारण और सुरक्षा मानकों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि विहित गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप मार्च 2027 तक कार्य हर परिस्थिति में पूरा होना चाहिए। इसके लिए उन्होंने निर्माण एजेंसी को कार्यस्थल पर अतिरिक्त मैनपावर और आधुनिक मशीनरी तैनात कर निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया।
लाखों की आबादी वाले इलाके को मिलेगा इसका लाभ
बैठक में डीडीसी श्वेता भारती, सदर एसडीएम आनंद कुमार, डीएफओ अमिता राज, सीओ अंकु गुप्ता और डीपीआरओ कमल सिंह समेत कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि इस ओवरब्रिज के चालू होने से सीतामढ़ी नगर समेत सुरसंड, परिहार, चोरौत और पुपरी प्रखंड की लगभग 10 लाख से अधिक की आबादी को घंटों लगने वाले भीषण जाम से स्थाई मुक्ति मिलेगी।
साथ ही भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा तक सुगम यातायात सुनिश्चित होने से व्यापार और आपातकालीन सेवाओं को बड़ी गति मिलेगी।



