प्रयागराज । महार्षि विद्या मंदिर, नैनी, प्रयागराज में शनिवार को सम्मान और हर्षोल्लास के साथ शिक्षक दिवस समारोह मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में भारतीय संस्कृति एवं परंपरा के अनुसार सामूहिक पूजा से हुई।
विद्यालय के हेड बॉय उज्ज्वल गिरि एवं हेड गर्ल रक्षा द्विवेदी ने सभी शिक्षकों को “हैप्पी टीचर्स डे” की शुभकामनाएँ दीं। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में भाषण प्रस्तुत किए। इसके अलावा संगीत कार्यक्रम, नृत्य, नाटक, म्यूजिकल चेयर तथा विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया, जिससे पूरा कार्यक्रम मनोरंजक और यादगार बन गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती गीता अरोड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक वर्ष 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है, क्योंकि इसी दिन महान शिक्षाविद्, दार्शनिक एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म हुआ था। उन्होंने शिक्षा और शिक्षकों के सम्मान एवं कल्याण के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के अगले चरण में विद्यार्थियों ने एम.वी.एम., नैनी के सभी शिक्षकों का सम्मानित किया। विद्यार्थियों ने विद्यालय को बैनर और पोस्टरों से सजाया तथा कक्षाओं के ग्रीन बोर्ड पर सुंदर स्लोगन एवं चित्र बनाए। यह वातावरण बेहद प्रेरणादायक और भावुक करने वाला था।
शिक्षकों के सम्मान में विद्यार्थियों द्वारा लंच पार्टी का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित प्रेम, सम्मान और स्नेह से शिक्षक भावुक एवं अभिभूत नजर आए।
अंत में शिक्षकों ने विद्यार्थियों को उनके शानदार प्रस्तुतियों और आयोजन के लिए धन्यवाद दिया तथा शिक्षकों के प्रति विद्यार्थियों द्वारा दिखाई गई चिंता, सम्मान और स्नेह की सराहना की ।



