सोनभद्र। पीयूसीएल के जिलाध्यक्ष संतोष पटेल एड0 की अध्यक्षता में गुरूवार को प्रातः 11 बजे जिलाधिकारी से मिलकर अस्पताली देवी की मौत के मामले में पिपरी पुलिस द्वारा परिजनों पर बनाए जा रहे दबाव के विरोध में मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक के नाम एक ज्ञापन सौंपा।

जानकारी के अनुसार रावर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के दुरावल खुर्द निवासी कमलेश सिंह पटेल की पत्नी अस्पताली देवी की 26 जनवरी की दोपहर में उस समय मौत हो गयी जब पुलिस लाइन से परेड समाप्ति के बाद क्षेत्राधिकारी पिपरी अपने सरकारी वाहन संख्या- यू.पी. 32 ई.जी. 8177 से पिपरी जा रहे थे। उसी समय मृतका अपने घर से अपने पति के लिए खाना लेकर पैदल ही सड़क किनारे से जा रही थीं। उसी समय उक्त वाहन अत्यधिक तीव्र गति में होने के कारण अनियंत्रित होकर अस्पताली देवी को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। जिससे अस्पताली देवी की मौके पर ही मौत हो गयी।

इसके बाद स्थानीय पुलिस ने विभागीय मामला होने के कारण मृतका के परिजनों पर प्रारंभ से ही कोई कार्रवाई न किए जाने का दबाव बनाया जाने लगा। जिससे क्षुब्ध होकर परिजनों ने दाह- संस्कार करने के उपरांत पीयूसीएल के जिलाध्यक्ष संतोष पटेल की अगुवाई में गुरूवार को अपनी व्यथा से जिलाधिकारी को रूबरू कराया और विधिक कार्यवाही किए जाने का अनुरोध किया। इस अवसर पर श्री पटेल ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि पीयूसीएल सैदव से गरीब, दबे- कुचले लोगों की आवाज बनता रहा है। इसलिए अस्पताली देवी की पुलिस की जीप से टक्कर मामले में पुलिस की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी और मा0 न्यायालय के माध्यम से भी पीड़ित परिवार को पूरा- पूरा निःशुल्क न्याय दिलाने का भी पीयूसीएल काम करेगी। ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से मृतका के पति कमलेश सिंह, अखिल भारतीय कुर्मि क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष डा0 विमलेश पटेल, एड0 मुकेश सिंह, दुरावल खुर्द के ग्राम प्रधान समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।



