28.1 C
Varanasi
Monday, September 14, 2026

रामजानकी मंदिर में पूजा करने पहुंची महिला के गले से मंगलसूत्र चोरी

spot_img
जरुर पढ़े

भीड़ का फायदा उठाकर उचक्के ने दिया वारदात को अंजाम, सूचना पर पहुंची 112 पुलिस; मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

सोनभद्र/रॉबर्ट्सगंज। कोतवाली रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के चौकी कस्बा स्थित रामजानकी मंदिर परिसर में सोमवार शाम पूजा-अर्चना करने पहुंची एक महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र चोरी होने का मामला सामने आया है। मंदिर में भीड़ के बीच हुई इस घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बबिता पाण्डेय पत्नी अरविंद पाण्डेय, निवासी कर्मा एवं वर्तमान में राज पैलेस के पास रह रही हैं, सोमवार शाम रामजानकी मंदिर में पूजा करने पहुंची थीं। इसी दौरान मंदिर परिसर में मौजूद भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात चोर अथवा उचक्के ने उनके गले से करीब चार भरी वजन का सोने का मंगलसूत्र कथित रूप से पार कर दिया।

पूजा के बाद महिला को जब मंगलसूत्र गायब होने का पता चला तो उनके होश उड़ गए। वह काफी परेशान हो गईं और रोने लगीं। बाद में घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से घटना के संबंध में जानकारी ली। बताया जा रहा है कि पीड़िता की ओर से मामले की सूचना थाना प्रभारी को भी दी गई है।

भीड़ में सक्रिय हो सकते हैं चोर-उचक्के

मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान हुई इस घटना ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर विशेषकर शाम के समय श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। ऐसे में पुलिस की पर्याप्त मौजूदगी और निगरानी जरूरी है।

लोगों ने सवाल उठाया कि जब मंदिर परिसर में भारी भीड़ रहती है तो वहां सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटी क्यों नहीं लगाई गई थी? यदि पुलिस की मौजूदगी और निगरानी होती तो शायद इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही पुलिस संभावित चोर अथवा उचक्के की तलाश में जुटी है। मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांच के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

फिलहाल घटना को लेकर पीड़िता और उनके परिजनों में नाराजगी है। श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन से मंदिर परिसर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था किए जाने तथा घटना का जल्द खुलासा कर चोरी गया मंगलसूत्र बरामद करने की मांग की है।

मंदिर जैसे भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थल पर महिला के गले से मंगलसूत्र चोरी की घटना ने एक बार फिर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और पुलिस निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि पुलिस इस वारदात का खुलासा कितनी जल्दी कर पाती है।

spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट पोस्ट

समाजवादी पार्टी भाजपा को  उसके दांव से ही पटकने की फिराक में

अखिलेश यादव चाहते हैं कि पार्टी केवल राज्य स्तर की समस्याओं तक ही सीमित न रह जाए। बल्कि हर...

ख़बरें यह भी

Enable Notifications OK No thanks