विनोद सिंह

लखनऊ। विंध्यलीडर संवाददाता । उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने पुलिस पेंशनर्स की ऑनलाइन चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रक्रिया में तकनीकी सहायता के लिए हर जिले में हेल्प डेस्क स्थापित कराने की घोषणा की डीजीपी श्री कृष्ण पीपीएस (सेवानिवृत्त) ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन के वार्षिक अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे।

यह वार्षिक सम्मेलन एसोसिएशन के अध्यक्ष जी पी सिंह की अगुवाई में महानगर स्थित पुलिस रेडियो ट्रेनिंग स्कूल के सभागार में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीजीपी राजीव कृष्ण के समक्ष सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की सुविधाओं से जुड़ी मांगे उठाई गईं। इनमें पेंशन, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, ऑनलाइन प्रक्रिया के सरलीकरण,लाइसेंस, विश्राम कक्षों की व्यवस्था समेत अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा भी की गई।

पेंशनर्स के साथ नियमित संवाद की आवश्यकता पर भी दिया जोर

डीजीपी ने सभी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। कहा कि हर जिले में हेल्प डेस्क स्थापित कराकर सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत आवश्यक प्रपत्र व फॉर्म भरने सहित अन्य तकनीकी कार्यों में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

डीजीपी राजीव कृष्ण ने पेंशनर्स के साथ नियमित संवाद की आवश्यकता पर भी जोर दिया। सम्मेलन में इलाहाबाद हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति कमलेश्वर नाथ, पूर्व डीजीपी विलास मणि त्रिपाठी, ए के जैन, रामेश्वर दयाल, पूर्व आईजी आर के चतुर्वेदी, एसोसिएशन के महासचिव श्याम पाल सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अन्त में बीते एक वर्ष में दिवंगत 46 पुलिस पेंशनर्स के निधन पर गहरा शोक जताया गया। दिवंगत पुलिसकर्मियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।