विनोद सिंह

लखनऊ । विंध्यलीडर संवाददाता । उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले एक बार बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। दो हजार पुलिसकर्मी तबादले की जद में हैं वहीं 20 आईपीएस समेत कई पीपीएस अधिकारियों के भी तबादले किए जा सकते हैं।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप डीजीपी मुख्यालय जिले में तीन वर्ष या उससे अधिक समय से तैनात पुलिसकर्मियों का ब्योरा जुटा रहा है। इनमें लगभग 20 आईपीएस अधिकारियों को भी इधर से उधर किया जा सकता है। वहीं पीपीएस संवर्ग के अधिकारियों, निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी व आरक्षी स्तर के दो हजार से अधिक कर्मी हटाए जा सकते हैं।

स्थापना शाखा ने सभी पुलिस कमिश्नरेट और जिलों से ऐसे पुलिसकर्मियों से जुड़ी सूचनाएं जुटानी शुरू कर दी हैं। तबादले के लिए जल्द स्क्रीनिंग कमेटी गठित की जा सकती है। वहीं जो पुलिसकर्मी पिछले चुनाव में जिस जिले में तैनात थे, उन्हें इस बार उस जिले में तैनाती नहीं दी जाएगी।