घोरावल । सोनभद्र । विंध्यलीडर संवाददाता। कोल आदिवासी जाति को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने, वनाधिकार कानून को लागू करने, जनगणना में आदिवासी धर्म कोड देने और शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के अधिकार को सुनिश्चित करने की मांगों को लेकर आज घोरावल तहसील में रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान की बैठक हुई। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर उपस्थित थे।

• रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान की घोरावल में बैठक

• सीएम वनाधिकार में पट्टे के आवंटन की कार्रवाई शुरू करें

बैठक में निर्णय हुआ कि कोल के जनजाति दर्जे के सवाल पर शीघ्र ही जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को पत्रक भेजा जाएगा और घोरावल में सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। बैठक में 1-2 नवंबर को वाराणसी में आयोजित नई पीढ़ी संवाद की तैयारी पर चर्चा हुई और सूरज कोल को रोजगार अधिकार अभियान का तहसील संयोजक बनाया गया।

इसके अलावा ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट की 9 सदस्यीय तहसील कमेटी का भी चयन किया गया।बैठक में कहा गया कि आदिवासी समाज के साथ घोर अन्याय हो रहा है। उसकी पहचान तक नही दी जा रही। कोलो के राजनीतिक प्रतिनिधियों ने उसके आदिवासी दर्जे की बात तक नहीं उठाई।

दिनकर कपूर ने कहा कि मुख्यमंत्री जी कई बार जनपद का दौरा कर चुके और उभ्भा नरसंहार के बाद उन्होंने वनाधिकार कानून को लागू करने की घोषणा की थी। लेकिन आज तक वह जमीनी स्तर पर उनकी घोषणा नहीं उतरा। लोगों ने अपेक्षा की है कि इस बार दौरे में इस कार्य को हल करने की बात की जाएगी और लोगों को वनाधिकार में पट्टे हासिल होंगे।इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन को भी पत्रक भेजा जाएगा।

बैठक में इंद्रदेव खरवार, सदानंद कोल, लक्ष्मण कोल, कैलाश चौहान, सूरज कोल, संतलाल बैगा, मुन्ना अंसारी, राम कैलाश कोल, विजय बहादुर कोल, संतलाल कोल आदि लोगों ने अपनी बात रखी। बैठक का संचालन श्रीकांत सिंह ने किया।