ओबरा। सोनभद्र । विंध्यलीडर संवाददाता । ऊर्जांचल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कपूर चन्द पांडेय के नेतृत्व में शनिवार को दर्जनों अधिवक्ताओं ने ओबरा तहसील पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने नवसृजित ओबरा तहसील परिसर में उप निबंधक कार्यालय स्थानांतरित किए जाने सहित विभिन्न मांगें उठाईं।
अधिवक्ताओं की प्रमुख मांगों में वादकारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उप निबंधक कार्यालय को नए तहसील परिसर में स्थानांतरित करना, किराए के भवन में संचालित सहायक अभिलेख अधिकारी, वन बंदोबस्त अधिकारी एवं सर्वे नायब तहसीलदार के कार्यालयों को भी ओबरा तहसील परिसर में स्थानांतरित करना तथा ऊर्जांचल बार एसोसिएशन के भवन निर्माण के लिए तहसील परिसर में भूमि आवंटित करना शामिल है।
अधिवक्ताओं ने कहा कि नई ओबरा तहसील की स्थापना के बाद से ही अधिवक्ताओं के साथ-साथ आम जनमानस को भी विभिन्न कार्यालयों के अलग-अलग स्थानों पर संचालित होने के कारण भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। कार्यालयों के एक ही परिसर में संचालित होने से वादकारियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
ऊर्जांचल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि इन मांगों को लेकर पूर्व में भी कई बार तहसील दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सोनभद्र को ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन से मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए शीघ्र निर्णय लेने और उन्हें तत्काल अमल में लाने की मांग की।









