वाराणसी । विंध्यलीडर संवाददाता । वाराणसी में एमएलसी स्नातक परिणाम से पहले ही भाजपा ने अपनी हार मान ली है। भाजपा प्रत्य़ाशी केदारनाथ सिंह ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखा है कि वाराणसी सीट पर सपा बड़ी जीत की ओर है। सपा कैंडिडेट आशुतोष सिन्हा ने 11 हजार से ज्यादा वोटों की लीड ले ली है।

ज्ञातव्य है कि यहां भाजपा के विरोध के बाद वोटों की गिनती कुछ देर रोकी गई थी। 11 सीटों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) 6 और समाजवादी पार्टी (एसपी) 4 सीटें जीत चुकी है। उलटफेर लखनऊ की स्नातक एमएलसी सीट पर हुआ है, जहां सपा की कांति सिंह ने भाजपा के मौजूदा विधान पार्षद अवनीश सिंह को बड़े अंतर से हरा दिया है। अवनीश सिंह इकलौते एमएलसी हैं जो इन 11 सीटों के चुनाव में हारे हैं। बाकी दस एमएलसी ने किसी तरह से अपनी-अपनी सीट बचा ली।

वाराणसी में सपा उम्मीदवार आशुतोष सिन्हा भाजपा के केदारनाथ सिंह से छठवे राउंड की गिनती के बाद 11833 वोटों से आगे चल रहे हैं। पांचवें राउंड की गिनती पर भाजपा ने आपत्ति जताई थी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव पर्यवेक्षक पर धांधली का आरोप लगाते हुए धरना भी दिया था। गणना रात 9 बजे के बाद फिर चालू हो गई थी। काउंटिंग रोकने पर अखिलेश यादव ने चेतावनी भरा बयान दिया था। अब सातवां राउंड चल रहा है।