लखनऊ। विंध्यलीडर संवाददाता । उत्तर प्रदेश के पीलीभीत विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में अनियमितताओं पर अब सीधे चुनाव आयोग ने कार्रवाई की है। आयोग ने एसडीएम के पद पर तैनात दो मतदाता पंजीकरण अधिकारियों (ई आर ओ) को निलंबित करने का निर्देश दिया है। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजे पत्र में आयोग ने निर्देश दिया कि ई आर ओ मयंक गोस्वामी और हेमंत चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया जाए। पत्र में कहा कि दोनों के खिलाफ आरोप पत्र जांच के लिए निर्वाचन आयोग को सौंपे जाएं और आयोग की पूर्व अनुमति के बिना उन्हें बहाल नहीं किया जा सकता।

यह कार्रवाई विधानसभा क्षेत्र 127-पीलीभीत में 10,470 मतदाता प्रविष्टियों में कथित अनियमितताओं की जांच के बाद की गई है। निर्वाचन आयोग ने दोनों ई आर ओ और कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार के खिलाफ दर्ज एफआईआर में नई धारा 198 भी जोड़ने को कहा है। मतदाता सूची से जुड़े रहे पांच ई आर ओ की भी रिपोर्ट जिला निर्वाचन अधिकारी ने राज्य निर्वाचन आयोग को भेज दी है।

कांग्रेस के आरोपों के बाद खुला मामला

पिछले दिनों जिले की मतदाता सूची में अशुद्धियों का मामला कांग्रेस की तरफ से लखनऊ में उठाया गया था। 13 हजार से ज्यादा वोटरों के एपिक नंबर तो पुराने थे लेकिन नाम बदल दिया गया था। यह एस आई आर की फाइनल लिस्ट के बाद किया गया। कांग्रेस का आरोप है कि मुस्लिम समुदाय के वोटरों के साथ ऐसा किया गया। यह वोटर एपिक नंबर के आधार पर वोट डालने जाते तो उनका नाम ही नहीं मिलता और वोट नहीं डाल पाते।

उल्लेखनीय है कि इस प्रकरण में आरोपित दोनों एसडीएम को पहले से ही एसडीएम हटाए जा चुके हैं और नए सिरे से सभी तहसीलों में पोस्टिंग की गई। इसमें पूरनपुर में नागेंद्र पांडे, बीसलपुर में प्रमेश कुमार, अमरिया में राजकुमार बैठा, कलीनगर में पवन कुमार को नियुक्ति दी गई थी। सदर में एसडीएम श्रद्धा सिंह हैं। इसके बाद तत्कालीन एसडीएम मयंक गोस्वामी और हेमंत चौधरी के बारे में रिपोर्ट बना कर भेज दी गई थी। अब निर्वाचन आयोग ने ऐक्शन कर दिया है


दोनों एसडीएम को लखनऊ में प्रतीक्षारत करने के बाद निलंबित किए जाने के बाद खलबली सी है। सदर विधान सभा की सूची तैयार करने के मामले में सीधे तौर पर जुड़े रहे पांच ई आर ओ की रिपोर्ट भी मांगी गई थी। माना जा रहा है कि निर्वाचन आयोग पूरे मामले में कोई ढिलाई नहीं देना चाहता। आयोग का स्पष्ट रुख है कि मतदाता सूची में हीलाहवाली अक्षम्य है।