मुरादाबाद। विंध्यलीडर संवाददाता । प्रधानी हो या नगर पालिका या फिर चाहे विधानसभा या लोकसभा चुनाव ही क्यों न हो सभी छोटे-बड़े चुनावों में कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी रहती है। यही वजह है कि राजनीतिक पार्टियां कार्यकर्ताओं के साथ हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहती हैं। चुनाव में लाभ लेने के लिए राजनीतिक दल के बड़े नेता कार्यकर्ताओं को बीच-बीच में तोहफे भी देते रहते हैं। मुरादाबाद जिले में भी एक ऐसा ही नजारा देखने को मिला है। यहां भाजपा नेता ने मंडल अध्यक्षों को बड़ा तोहफा दिया है। साथ ही चुनाव जीतने के बाद भाजपा नेता ने आज के तोहफे से भी बड़ा तोहफा देने का भी वादा किया है।
उल्लेखनीय है कि दिवाली के अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता राजपाल सिंह चौहान और उनके बेटे अमित सिंह की ओर से ठाकुरद्वारा में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में क्षेत्र के चार मंडल अध्यक्षों को भी बुलाया गया था। राजपाल सिंह ने जैसे ही मंच पर चारों मंडल अध्यक्षों को बुलाकर उन्हें मोटरसाइकिल देने की घोषणा कि तो सभी के चेहरे खुशी से खिल उठे। भाजपा नेता के बेटे अमित चौहान ने पार्टी संगठन के प्रति समर्पित चार मंडल अध्यक्षों को सम्मानित करते हुए एक-एक बाइक भेंट की। इस दौरान उन्होंने घोषणा की। उन्होंने कहा, वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत होने पर मंडल अध्यक्षों को स्कॉर्पियो गाड़ी भी दी जाएगी।
कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना
कार्यक्रम में भाजपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजपाल सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन की असली ताकत हैं। उनके परिश्रम और समर्पण से ही पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण और योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण का उल्लेख करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं को पूज्यनीय बताया।










