अंकुश द्विवेदी

प्रयागराज । विंध्यलीडर संवाददाता । प्रयागराज के सोरांव में एक अधिवक्ता को दिनदहाड़े घेरकर बेरहमी से पीटा गया। चौराहे से घर लौट रहे अधिवक्ता मोहम्मद रिजवान उर्फ सैफ को पहले से घात लगाकर खड़े हमलावरों ने रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि लाठी-डंडे, सरिया और असलहे से उन पर ताबड़तोड़ हमला किया गया। सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें लगने से वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। उनकी चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंचे मां और भाई को भी हमलावरों ने पीटकर घायल कर दिया। मामले में सोरांव पुलिस ने छह नामजद और 5-6 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अभियुक्तों को तलाश कर रही हैं ।

सोरांव थाना क्षेत्र के नौगवां गांव निवासी इरफान उद्दीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आठ नवंबर की सुबह करीब 10 बजे उनका बेटा मोहम्मद रिजवान उर्फ सैफ चौराहे से घर लौट रहे थे। रिजवान पेशे से अधिवक्ता हैं। वह सोनू गुप्ता की दुकान के सामने पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद समीम, मोहम्मद तसलीम उर्फ पापा लादेन, चांदबाबू और जसीम उर्फ मुन्ना कालिया ने उसे घेर लिया।

बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े अधिवक्ता

आरोप है कि सभी ने एक राय होकर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद लाठी-डंडे, सरिया और असलहे से रिजवान पर हमला कर दिया। हमलावरों ने सिर, हाथ और पैर पर कई वार किए। गंभीर चोटें लगने से वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।

बचाने पहुंचे मां और भाई को भी पीटा

रिजवान की चीख-पुकार सुनकर उसका भाई मोहम्मद सदान और मां मौके पर पहुंचे। दोनों ने बीच-बचाव कर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। हमले में मां और भाई को भी गंभीर चोटें आईं। उन्हें सीएचसी ले जाया गया जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। इसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पिता ने यह भी बताया कि आरोपी एक जमीन को लेकर उनके बेटे से रंजिश रखते थे। पहले भी उन्होंने धमकाया था , जिसकी शिकायत थाने में की गई थी।

गांव में बोले-जान से मार देंगे

पीड़ित पिता का आरोप है कि नामजद छह लोगों के अलावा 5-6 अज्ञात लोग भी हमले में शामिल थे। घटना के बाद आरोपी गांव में घूम-घूमकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इससे परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों का आपराधिक इतिहास होने का भी दावा किया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। एसीपी साेरांव श्यामजीत प्रमिला सिंह ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है।