अरुण पाण्डेय

जौनपुर । विंध्यलीडर संवाददाता । उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में शाहगंज तहसील क्षेत्र के अदनपुर गांव के निवासी पत्रकारिता जगत के एक अनुभवी और वरिष्ठ कलमकार मंगलेश्वर त्रिपाठी मुन्ना का बीती रात हृदय गति रुकने से निधन हो गया। श्री त्रिपाठी लगभग 50 वर्ष के थे।

उनके असामयिक निधन से जनपद के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ परिजनों के अनुसार मंगलेश्वर त्रिपाठी शनिवार की देर रात दीपोत्सव के मद्देनजर खरीदारी करने के बाद घर लौटे थे। इसके बाद वह आराम कर रहे थे।

इसी दौरान रात करीब 10 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन बिना देर किए उन्हें अस्पताल ले गए लेकिन जब तक डॉक्टर कुछ कर पाते तब श्री त्रिपाठी की मृत्यु हो गई ।

मंगलेश्वर त्रिपाठी ने गांव से लेकर देश की आर्थिक राजधानी मुंबई तक पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई थी। उन्होंने प्रतिष्ठित समाचार पत्र 'सामना' सहित कई समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दीं। उनके पुत्र ओंकार त्रिपाठी भी पत्रकारिता से जुड़े हैं।

उनके निधन पर शाहगंज विधायक रमेश सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पत्रकार का असामयिक निधन पत्रकारिता जगत और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। अंतिम विदाई में परिजनों, शुभचिंतकों और पत्रकारों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।