ओबरा। सोनभद्र। विंध्यलीडर संवाददाता । जनपद में नमामि गंगे योजना के अंतर्गत आगामी 3 और 4 नवंबर को दो दिवसीय ‘गंगा उत्सव 2026’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय नदी गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण, स्वच्छता और संवर्धन में जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से माध्यमिक शिक्षा विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने प्रभागीय वनाधिकारी एवं सदस्य संयोजक, जिला गंगा समिति को पत्र भेजकर चयनित विद्यालयों, प्रधानाचार्यों और गतिविधियों के नोडल अधिकारियों की सूची उपलब्ध करा दी है।
गंगा उत्सव 2026 : सोनभद्र में 3 और 4 नवंबर को गूंजेगी स्वच्छता और संरक्षण की गूंज, माध्यमिक शिक्षा विभाग ने कसी कमर
चोपन छठ घाट पर सजेगा दीपोत्सव, मैराथन और नौका दौड़ संग आयोजित होंगी विविध प्रतियोगिताएं
डीआईओएस ने चयनित विद्यालयों और नोडल प्रभारियों की सूची की जारी
3 नवंबर : प्रभात फेरी, संगोष्ठी और विविध प्रतियोगिताएं
उत्सव के पहले दिन 3 नवंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक विद्यालयों में कई रचनात्मक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
युवा सहभागिता एवं विशेष सत्र: नदियों के संरक्षण में युवाओं की भूमिका विषय पर राजकीय इण्टर कॉलेज गोठानी और राजकीय इण्टर कॉलेज जुगैल के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे।
स्वच्छता अभियान व प्रभात फेरी: नदी तटों और प्रमुख घाटों पर गुरुद्वारा इण्टर कॉलेज चोपन व रेल कर्मचारी इण्टर कॉलेज चोपन के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकालकर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
संगोष्ठी व कार्यशाला: जल संरक्षण व पर्यावरण संवर्धन पर विशेषज्ञ वार्ता आयोजित होगी, जिसकी जिम्मेदारी जीआईसी गोठानी और गुरुद्वारा इण्टर कॉलेज चोपन को सौंपी गई है।
रंगोली, निबंध व पोस्टर प्रतियोगिता: छात्रों की प्रतिभा निखारने के लिए रंगोली, स्लोगन, वाद-विवाद, पोस्टर, निबंध, कविता और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें गोठानी, जुगैल, चोपन के दोनों विद्यालयों के प्रतिभागी भाग लेंगे।
4 नवंबर : खेलकूद और चोपन छठ घाट पर भव्य दीपोत्सव , उत्सव के दूसरे दिन सुबह से खेल गतिविधियों से होगा आगाज ।
साइकलोथॉन, मैराथन व नौका दौड़: प्रातः 9 से 12 बजे तक आदित्य बिड़ला इण्टर कॉलेज रेनूकूट तथा राजकीय इण्टर कॉलेज पिपरी के संयोजन में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
सांस्कृतिक संध्या व दीपोत्सव: शाम 3 से 6 बजे तक चोपन छठ घाट पर भव्य दीपोत्सव व दीपदान का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान लोकगीत, पारंपरिक लाइव संगीत और सांस्कृतिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी। इस कार्यक्रम का दायित्व रेल कर्मचारी इण्टर कॉलेज और गुरुद्वारा इण्टर कॉलेज चोपन को सौंपा गया है।
"गंगा उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन में नदियों की स्वच्छता व पर्यावरण के प्रति चेतना जगाने का प्रयास है। माध्यमिक शिक्षा विभाग इस आयोजन को सफल व समयबद्ध बनाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। सभी संबंधित विद्यालयों व नोडल शिक्षकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।"










