सोनभद्र । विंध्यलीडर संवाददाता । जिले के विद्यालयों में ‘संविधान संवाद’ अभियान और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु 30 अक्टूबर को नोडल शिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र के तत्वावधान में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), उरमौरा में सुबह 10 बजे से होगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सिविल जज एवं पूर्णकालिक सचिव राहुल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिले के विद्यालयों में यह अभियान चलाया जा रहा है। प्रशिक्षण में विधिक सेवा प्राधिकरण के नामित रिसोर्स पर्सन और विभिन्न विद्यालयों के नोडल शिक्षक प्रतिभाग करेंगे।
मौलिक अधिकारों, बाल संरक्षण कानूनों और विधिक साक्षरता क्लब के संचालन की दी जाएगी जानकारी
प्रशिक्षण में संविधान निर्माण, संविधान निर्माताओं के योगदान, प्रस्तावना, मौलिक अधिकार, संवैधानिक उपचार, राज्य के नीति निदेशक तत्व और मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही राज्य के अंगों और निर्वाचन प्रक्रिया पर भी चर्चा होगी। बच्चों की सुरक्षा के लिए पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह निषेध और बाल श्रम से संबंधित कानूनों की जानकारी भी दी जाएगी।
कार्यक्रम के अंतिम सत्र में निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत और हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में बताया जाएगा। साथ ही विद्यालयों में विधिक साक्षरता क्लब के संचालन, सदस्यों का रजिस्टर तैयार करने, कार्य योजना बनाने, संविधान संवाद अभियान और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित करने की प्रक्रिया समझाई जाएगी।
विभिन्न सत्रों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी, विधि संकाय के शिक्षक और नामित विधिक विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंगे। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में संविधान के प्रति समझ विकसित करना, उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और कानूनी जानकारी को विद्यालय स्तर तक पहुंचाना है। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने जिले भर के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि कॉलेज के नोडल शिक्षकों को प्रशिक्षण हेतु अनिवार्य प्रतिभाग कराएं।









