विनोद सिंह

लखनऊ । विंध्यलीडर संवाददाता । जहां उत्तर प्रदेश में ठंड के मौसम ने अपनी दस्तक दे दी है पर सूबे का सियासी तापमान काफी गर्म होता दिख रहा है , जिसके कारण राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले ही उत्तर प्रदेश में सियासी बयानबाजी काफी देखी जा रही है ।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सूबे में तमाम सियासी पार्टी अपनी तैयारियों में जुट गईं हैं। एक तरफ जहां भाजपा गठबंधन यूपी में सत्ता की हैट्रिक लगाने को बेताब है तो सपा गठबंधन सत्ता में वापसी का इंतजार कर रही है ।

प्रदेश में जारी इस सियासी बयानबाजी के बीच अयोध्या के सांसद और समाजवादी पार्टी के नेता अवधेश प्रसाद ने बड़ा दावा कर दिया है। लोकसभा सांसद अवधेश प्रसाद ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में समाजवादी पार्टी को 300 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की है।


अवधेश प्रसाद ने की भविष्यवाणी

  • लोकसभा सांसद अवधेश प्रसाद ने गुरुवार को कहा कि, 'लोगों ने भाजपा के लिए योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली मौजूदा उत्तर प्रदेश सरकार से सारी उम्मीद और भरोसा खो दिया है। वे कुछ भी कर लें, लोग अब भाजपा पर भरोसा नहीं करेंगे। समाजवादी पार्टी ऐतिहासिक जीत के साथ 300 से ज़्यादा सीटें जीतेगी। उत्तर प्रदेश की जनता ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें विदाई दी थी, और अब 2027 के विधानसभा चुनाव में उन्हें ऐसी विदाई दी जाएगी कि वे कभी वापस नहीं आएंगे।'

वहीं समाजवादी पार्टी (SP) के नेता आजम खान की बेल पर रिहाई और 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर इसके असर पर, अवधेश प्रसाद ने कहा , 'हम आजम खान की रिहाई का स्वागत करते हैं। 2027 के चुनाव पास आ रहे हैं, और राज्य के वोटरों ने समाजवादी पार्टी (SP) पर भरोसा किया है।'

प्रदेश में राजनैतिक हलचल तेज

वहीं 2022 चुनाव की बात करें तो भारतीय जनता पार्टी ने लगातार दूसरी बार शानदार जीत दर्ज कर सत्ता में वापसी की थी। प्रदेश की कुल 403 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा ने अकेले 255 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि उसके सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) को 12 और निषाद पार्टी को 6 सीटें मिली थीं। इस तरह भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने कुल 273 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था।

तो वहीं, अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी 111 सीटें जीतकर दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। उसके सहयोगी (आरएलडी) ने 8 और (सुभासपा) ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस तरह सपा गठबंधन के खाते में कुल 125 सीटें आई थीं। चुनाव में मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा था। बसपा महज एक सीट जीत सकी थी। वहीं, कांग्रेस को केवल 2 सीटों से संतोष करना पड़ा था। राजा भैया की जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने भी 2 सीटें जीती थीं।