विनोद सिंह

लखनऊ । विंध्यलीडर संवाददाता । उत्तर प्रदेश के दो जिलों में मूर्ति विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया जहां फतेहपुर में गहरे पानी में जाने से पांच लोग डूब गए , जिसमें तीन की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। वहीं दूसरी ओर गोंडा जिले में भी मूर्ति विसर्जन के दौरान एक युवक नदी में डूब गया, जिसकी तलाश के लिए गोताखोरों को लगाया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र के बैजूपुर मजरे कटोघन में मूर्ति के विसर्जन के दौरान तालाब में कुछ लोग गए थे। इनमें पांच किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। चीख-पुकार मचने पर आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह दो को बचा लिया, जबकि तीन अन्य को भी बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हादसे में आदित्य, साजन और अभिमन्यु की मौत हुई है। परिजनों को हादसे की जानकारी मिलते ही कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि किशोरों को अस्पताल पहुंचाया गया। दो को भर्ती कराया गया है

गोंडा में प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी एक युवक डूबा

प्रदेश के गोंडा जिले में दूसरा हादसा जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र में हुआ है। ग्राम पंचायत बिहुरी के मजरे शिव बक्श पुरवा में स्थापित देवी प्रतिमा के विसर्जन के लिए आज बड़ी संख्या में ग्रामीण गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकालकर भैंसहवा घाट पहुंचे थे। विजयदशमी के मौके पर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर स्थापित देवी प्रतिमाओं का विसर्जन धूमधाम से किया जा रहा था। बताया जाता है कि शाम के समय मूर्ति विसर्जन के दौरान शिव बक्श पुरवा निवासी तुलाराम शुक्ला (45) मूर्ति विसर्जन कुआनों नदी के गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते वह पानी में डूबकर आंखों से ओझल हो गए। युवक के डूबने की खबर मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर धानेपुर थानाध्यक्ष विपुल पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, एएसपी/सीओ सदर अभिषेक दावच्या भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में युवक की तलाश की जा रही है।