रोसा की टीम ने ग्रामीणों के बीच में किया संपर्क-संवाद

एक और 2 नवंबर को वाराणसी में नई पीढ़ी वर्कशॉप पर चर्चा

अनपरा । सोनभद्र । विंध्यलीडर संवाददाता । रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान (रोसा) की टीम ने भाठ क्षेत्र के रनहोर, गुलाल झरिया, लोझरा, खजुरा आदि गांव में ग्रामीणों से संपर्क -संवाद किया। बैठक के दौरान यह बात सामने आई की भाठ क्षेत्र में वनाधिकार कानून को लागू नहीं किया गया और ग्रामीणों को विशेष तौर पर आदिवासियों को वन भूमि पर पट्टों का आवंटन नहीं हुआ है। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, शुद्ध पेयजल, बिजली, माइक्रोफाइनेंस कंपनियों की लूट आदि की समस्याओं से भी ग्रामीणों ने टीम को अवगत कराया।

बैठक में जवाबदेह सरकार के सवाल और संवैधानिक लोकतंत्र पर बढ़ रहे हमले के संबंध में विस्तार से बातचीत हुई। साथ ही 1-2 नवंबर को वाराणसी में आयोजित नई पीढ़ी संवाद के बारे में अवगत कराया गया। बहुत सारे नौजवानों ने रोजगार- सामाजिक अधिकार अभियान के 10 सूत्रीय एजेण्डा के प्रति समर्थन दिखाया और इससे जुड़ने की बात कही है।

टीम ने संवाद में कहा कि दरअसल यह पूरा इलाका सरकारी उपेक्षा का शिकार है। बड़े-बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों के भयंकर प्रदूषण से आम आदमी प्राणघातक बीमारियों का शिकार हो रहा है और न्यूनतम इलाज तक की व्यवस्था इसी इलाके में नहीं है। पर्यावरण की रक्षा के लिए आए सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी के आदेशों का अनुपालन नहीं हो रहा है।

आवागमन की तमाम सड़के टूटी हुई है और जल जीवन मिशन का कार्यक्रम पूरे तौर पर फेल साबित हुआ है। टीम ने कहा कि हर 10 किलोमीटर पर सरकारी इंटर कॉलेज और हर ब्लॉक में सरकारी डिग्री कॉलेज व औद्योगिक क्षेत्र अनपरा में सरकारी आईटीआई कॉलेज खोलने और डिबुलगंज हास्पिटल को सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में बदलने की मांग भी पुरजोर तरीके से उठाई जा रही है।

टीम में ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर, रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान के संयोजक रामकृष्ण बैगा, पूर्वांचल सहसंयोजक रूबी सिंह गोंड, रोजगार अधिकार अभियान की संयोजक सविता गोंड, इंद्रदेव खरवार, तेजधारी गुप्ता, राम लल्लू बैगा, हरी प्रसाद बैगा, उदित बैगा, संदीप पनिका, राघवेंद्र पनिका, बच्चू लाल गुर्जर आदि शामिल रहे।