जनजातीय समाज के लोगों को आगे बढ़ने का नया अवसर सरकार दे रही है नक्सली मुक्त किया आदिवासी क्षेत्रों को

जनजातीय परिवारों को शिक्षा, आवास, रोजगार, पेयजल और वन अधिकारों से जोड़ने के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध।

सोनभद्र। विंध्यलीडर संवाददाता। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान, अधिकार और सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की हैं।

उन्होंने कहा कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, जनजातीय छात्रवृत्ति योजना, वन धन विकास योजना तथा आजीविका एवं कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय परिवारों के बच्चों को शिक्षा, युवाओं को रोजगार और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर महिलाओं को प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं, वहीं वन उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

डॉ. धर्मवीर तिवारी ने कहा कि जनपद सोनभद्र में जनजातीय एवं वनवासी परिवारों के विकास के लिए आवास, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी, राशन और पेंशन जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत पात्र परिवारों को व्यक्तिगत वनाधिकार पट्टे उपलब्ध कराने तथा जनजातीय बच्चों को शिक्षा एवं छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि सोनभद्र के दुद्धी, बभनी, चोपन, नगवां, कोन एवं अन्य जनजातीय बहुल क्षेत्रों की बस्तियों के विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। गोंड, खरवार, बैगा, पनिका, अगरिया, चेरो, परहिया एवं भुइयां सहित विभिन्न जनजातीय समुदायों के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का वास्तविक विकास तभी सुनिश्चित होगा, जब प्रत्येक पात्र परिवार तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ पहुंचे। इसके लिए योजनाओं की नियमित निगरानी, पात्र लाभार्थियों की पहचान और गांव-गांव तक जागरूकता पहुंचाना आवश्यक है।

हमारा संकल्प है कि सोनभद्र का कोई भी जनजातीय परिवार शिक्षा, सम्मान, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे तथा विकास की मुख्यधारा में उसकी बराबर की भागीदारी सुनिश्चित हो। डॉ धर्मवीर तिवारी ने कहा कि सोनभद्र के विकास में डी ऍम एफ फंड के द्वारा आदिवासी परिवारों के बच्चों को रोजगार देने के लिए उन्हें आवास और स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बड़े पैमाने पर इस धन का उपयोग किया जा सकता है आदिवासी क्षेत्रों में मोबाइल स्वास्थ्य सेवा निरंतर चलाने की आवश्यकता है