दुद्धी। सोनभद्र। विंध्यलीडर संवाददाता । स्थानीय क़स्बे के वार्ड एक में बीती रात करीब 10 बजे एक कबाड़ के गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उसकी लपटे आसपास के मकानों तक पहुंचने लगी। जिसके कारण क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग किन कारणों से लगी इसकी जानकारी नहीं हो सकी थी। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार दुद्धी कस्बे के वार्ड एक में कबाड़ व्यवसाई संतोष कुमार गुप्ता उर्फ बबलू के गोदाम में रहस्यमय परिस्थितियों अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम से उठती ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोग सहम गए। आग तेजी से फैलते हुए आसपास के मकानों तक पहुंचने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने और उसे फैलने से रोकने का प्रयास शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने में जुट गई। काफी देर तक चले राहत एवं बचाव प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका। अग्निकांड में गोदाम में रखा लाखों रुपये का कबाड़ और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का वास्तविक आंकलन नहीं हो सका है।
फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि अनपरा के बाद दुद्धी में कबाड़ गोदाम में आग लगने की यह दूसरी घटना है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के मद्देनजर दुद्धी में बड़ी क्षमता वाले अग्निशमन वाहन की स्थायी तैनाती की मांग भी जोर पकड़ने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते पर्याप्त दमकल संसाधन उपलब्ध होने से ऐसी घटनाओं में नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।








