दुद्धी में दूसरे दिन भी जारी रहा एनएचएम संविदा कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार
दुद्धी में एनएचएम संविदा कर्मियों का नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, दस लाख रुपये तक कैश लेश स्वास्थ्य बीमा, महंगाई भत्ता डीए, ईपीएफ और एचआरए का लाभ के मांग को लेकर कार्य बहिष्कार दूसरे दिन भी रहा जारी ......

दुद्धी। सोनभद्र । विंध्यलीडर संवाददाता । नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, दस लाख रुपये तक कैशलेस स्वास्थ्य बीमा, महंगाई भत्ता डीए, ईपीएफ और एचआरए का लाभ के छह सूत्रीय मांगों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी दुद्धी के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एनएचएम संविदा कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।
विष्णु दयाल ब्लॉक अध्यक्ष के नेतृत्व में कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर शासन के खिलाफ नारेबाजी की। हड़ताल के चलते आपातकालीन सेवाओं को छोड़ कर ओपीडी समेत सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। उल्लेखनीय है कर्मचारियों ने गुरुवार को भी कार्य बहिष्कार कर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुणा निधि को मांगों का ज्ञापन सौंपा था। उनकी प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, 10 लाख रुपये तक कैशलेस स्वास्थ्य बीमा, महंगाई भत्ता डीए, ईपीएफ और एचआरए का लाभ शामिल है।

इसके अतिरिक्त गैर जनपद स्थानांतरण की पारदर्शी व्यवस्था, सेवा के दौरान मृत्यु होने पर आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति, आउटसोर्स कर्मचारियों का एनएचएम में समायोजन और नियमित भर्ती में संविदा कर्मियों को 25 प्रतिशत वेटेज देने की मांग की गई है।
संघ प्रतिनिधियों ने कहा कि संविदा कर्मचारी लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें सेवा सुरक्षा और जरूरी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि 10 अक्तूबर तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर 12 अक्तूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

प्रदर्शन में डॉ. मुस्कान कमल, अतुल कुमार सिंह, विवेकानंद शुक्ला, जयशंकर पांडेय, डॉ. गौरव सिंह, डॉ. संजय गुप्ता, संदीप सिंह, अरुणिमा यादव, रूबी कुमारी, सुनीता देवी और किरण भारती समेत बड़ी संख्या में संविदा स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।


