विनोद सिंह
लखनऊ । विंध्यलीडर संवाददाता । जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद समाजवादी पार्टी (SP) के वरिष्ठ नेता आजम खान ने आगामी यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर बड़ा बयान दिया है। जब उनसे यह सवाल पूछा गया कि विरोधियों द्वारा उनके समर्थकों के बीच यह बात फैलाई जा रही है कि कानूनी अड़चनों के चलते उन्हें चुनाव नहीं लड़ने दिया जाएगा, तो आजम खान ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा, "मुझे चुनाव लड़ने से कौन माई का लाल रोक सकता है?"
नया पकवान लाइए 'मेरा चुनाव मेरी साइकिल था और साइकिल ही रहेगा
एक न्यूज चैनल से बातचीत के दौरान आजम खान ने समाजवादी पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा दोहराते हुए कहा कि उनका चुनाव उनकी 'साइकिल' है और समाजवादियों को साइकिल के अलावा कुछ और नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि वे न मोटर के बारे में सोचते हैं, न हेलीकॉप्टर और न ही जहाज के बारे में, उनका सीधा जुड़ाव साइकिल से है।
प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और अपने बीच छिड़ी 'हैदराबादी बिरयानी' बनाम 'पुलाव' की जुबानी जंग पर विराम लगाते हुए आजम खान ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि "अब बिरयानी भी सड़ गई और पुलाव भी सड़ गया, अब आप कुछ नया पकवान लाइए तब बात चलेगी।" प्रदेश के मतदाताओं के नाम संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि आज के दौर में जनता बेहद समझदार हो चुकी है और उसे भली-भांति पता है कि चुनाव में क्या फैसला लेना है।
'डर' के माहौल पर क्या बोले आजम खान?
प्रवर्तन निदेशालय द्वारा जमीन कब्जे से जुड़े मामलों में लगातार लगाए जा रहे आरोपों पर आजम खान ने कहा कि वे अपना काम कर रहे हैं और माननीय उच्च न्यायालय (हाईकोर्ट) और माननीय सर्वोच्च न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) के जजों की टिप्पणियां सबने सुनी हैं, इसलिए इस विषय पर उन्हें अतिरिक्त कुछ कहने की आवश्यकता नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें किसी प्रकार का डर या संदेह है, तो आजम खान ने बेबाकी से कहा, "अगर हुक्मरान जालिम हो तो लोग डरते तो हैं। यही वो डर है, जिसकी वजह से आज लोग खामोश हैं और अपने दिल की बात खुलकर नहीं बता रहे, लेकिन वे सीधे चुनाव के दिन अपना फैसला सुनाएंगे।" आखिर में अपने स्वास्थ्य को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि ऊपर वाला जिस हाल में रखे, वे उसी में संतुष्ट हैं।










