कोलकाता । संवाद सूत्र । पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में नवदुर्गा के उत्सव के दौरान दुखद हादसा हो गया है। चोरबागान इलाके में लगे नवदुर्गा पंडाल में अचानक भगदड़ मच गई। एक समाचार पत्र से बात करते हुए एक पुलिस अधिकारी ने मृतकों की संख्या के 18 होने की पुष्टि की है, जबकि कई दर्जन लोग घायल हैं।
इस हादसे के बाद कई लोगों को कलकत्ता मेडीकल कॉलेज और नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और चीफ सेक्रेटरी मनोज अग्रवाल घायलों का जायजा लेने के लिए कलकत्ता मेडीकल कॉलेज पहुंच गए हैं।
इस हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जाहिर करते हुए घायनों के जल्दी ठीक होने की कामना की है। इसके साथ ही उन्होंने जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की मदद देने का भी ऐलान किया।
अभी तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, भारी भीड़ और तेज बारिश को भगदड़ की वजह बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी इस बात की पुष्टि की है कि चोरबागान इलाके में पंडाल का दरवाजा काफी संकरा था, निकास द्वार पर भी ज्यादा जगह नहीं थी। तेज बारिश की वजह से पहले से ही भरा हुए पंडाल में और लोग आने लगे, जिसकी वजह से अफरा-तफरी शुरू हो गई।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने तय कार्यक्रम को किया रद्द

पश्चिम बंगाल के दौरे पर गए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता के दुर्गा पंडाल में मची भगदड़ के बाद अपने तय कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। इस हादसे में अभी तक 18 लोगों ने अपनी जान गंवाई है।
शुभेंदु सरकार की लचर व्यवस्था है हादसे के लिए जिम्मेदार ,- ममता बनर्जी
पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी ने इस हादसे के लिए शुभेंदु सरकार की लचर व्यवस्था को जिम्मेदार बताया। सोशल मीडिया पोस्ट में तृणमूल कांग्रेस ममता गुट की तरफ से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा गया। पोस्ट में कहा गया, “न पुलिस, न नागरिक स्वयंसेवक, न एम्बुलेंस, और न ही भीड़ का कोई प्रबंधन! चोरबगान पूजा पंडाल में हुई दुखद भगदड़ के बाद स्थानीय निवासी यही कह रहे हैं।

कोलकाता पुलिस और भाजपा के प्रशासन को इन गंभीर चूकों का जवाब देना होगा। जन सुरक्षा को इतनी लापरवाही से नहीं लिया जा सकता। जैसे-जैसे मृतकों की संख्या बढ़ रही है, इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफा देंगे?” ममता बनर्जी की पार्टी यहीं नहीं रुकी, उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस दिन वह बंगाल आते हैं उसी दिन बंगाल को दिल दहला देने वाली त्रासदी का सामना करना पड़ता है।






