सिंगरौली। विंध्यलीडर संवाददाता । सिंगरौली के जयंत स्थित कंचन ज्वेलर्स में हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में सोनभद्र पुलिस ने छठवें और अंतिम आरोपी को भी आर पी एफ जबलपुर की मदद से धरदबोचा । पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी राहुल कुमार को जयंत पुलिस ने साइबर सेल सिंगरौली और आरपीएफ जबलपुर की मदद से जबलपुर रेलवे स्टेशन से उस समय पकड़ा जब वह चेन्नई से लौटने के बाद पुन: भागने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अंतिम आरोपी के साथ ही सितंबर में हुई इस वारदात में शामिल सभी आधा दर्जन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं। आरोपियों की निशानदेही पर 11 सोने के जेवर, चांदी की दो मूर्तियां, 4,750 रुपए नकद, एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने घटना को अंजाम देने की तैयारी करीब एक महीने पहले शुरू कर दी थी। झारखंड के गढ़वा जिले में हथियारों के बल पर दो अपाचे मोटरसाइकिलें भी उन लोगों ने लूटी थी, उन्हें अनपरा पहुंचाया गया। 14 सितंबर को वारदात की योजना बनाई थी, लेकिन दुकान में ग्राहकों की अधिक भीड़ होने के कारण इरादा बदल दिया। इसके बाद 17 सितंबर को सभी छह आरोपी शक्तिनगर पार्क में जुटे और योजना को अंतिम रूप दिया। वारदात से पहले तीन बार दुकान की रेकी की थी।
पुलिस ने बताया कि शाम करीब 5.50 बजे दुकान में भीड़ कम देखकर धावा बोल दिया।वारदात के बाद आरोपी अनपरा पहुंचे यहां चर्च के पीछे झाड़ियों में कपड़े और जूते-चप्पल बदलकर पहचान छिपाने की कोशिश की। इसके बाद रेणुकूट के जंगल क्षेत्र में लूटे गए आभूषण और नकदी आपस में बांट लिए। पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद राहुल कुमार फरार था। उसकी तलाश में पुलिस लगातार तकनीकी साक्ष्य जुटा रही थी। राहुल के चेन्नई जाने और वहां से लौटने की जानकारी मिली और जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।







