सोनभद्र । विंध्यलीडर संवाददाता । 14 अक्टूबर 2026, स्वतंत्रता संग्राम में शामिल जनपद के आदिवासी नायकों के सम्मान के लिए उनके गांव में उनकी मूर्ति स्थापित करने व स्मारक बनाने की मांग पर आज ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी चर्चित गौंड से मिला और उन्हें पत्रक सौंपा। पत्रक की एक प्रति सांसद छोटेलाल खरवार को भी उचित कार्यवाही के लिए भेजी गई है।

पत्रक में कहा गया कि बभनी ब्लाक के गांव घघरा के शनिचर खरवार और चौवना के रामेश्वर खरवार ने आजादी के आंदोलन में हिस्सेदारी की थी और उन्हें जेल भी जाना पड़ा था व अंग्रेजों ने जुर्माना भी उनके ऊपर लगाया था। इन आदिवासी नायकों के गांव में उनकी मूर्ति स्थापित करने और स्मारक बनाने के लिए माननीय मुख्यमंत्री से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को बभनी के जन प्रतिनिधियों ने पूर्व में पत्रक दिया था। परंतु दुखद है कि आज तक आदिवासी नायकों को सम्मान नहीं प्राप्त हो सका।

डीएम के संज्ञान में लाया गया कि दोनों गांव के ग्राम प्रधानों और भूमि प्रबंधन समिति ने इन स्मारकों को बनाने के लिए जमीन आवंटित करने का प्रस्ताव भी पास कर दिया है। इसलिए इस कार्य में कोई भी विधिक बाधा नहीं है और प्रशासन को धनराशि स्वीकृत कर तत्काल निर्माण कराना चाहिए। इसके अलावा घघरा ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान और सेक्रेटरी द्वारा की गई लूट को भी संज्ञान में लाते हुए कहा गया कि हाई कोर्ट के आदेश के बाद उनसे गबन के चार लाख रुपये वसूली का जो आदेश जिला प्रशासन ने दिया था उसे भी लागू कर सरकारी धन की तत्काल रिकवरी कराई जाए।

प्रतिनिधि मंडल में ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर, जिला प्रवक्ता इंद्रदेव खरवार, घोरावल के संयोजक श्रीकांत सिंह, बभनी के संयोजक देव कुमार खरवार शामिल रहे।