सोनभद्र । विंध्यलीडर संवाददाता । सोनभद्र में 27 अक्टूबर को आयोजित होने वाले ‘सोनभद्र राजस्थानी गरबा सीजन-2’ की तैयारियाँ जोरों पर हैं। आज होटल श्याम पैलेस में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजकों ने कार्यक्रम की जानकारी दी।

यह आयोजन श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल और मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा के बैनर तले होगा। इस वर्ष कार्यक्रम के आयोजन की ज़िम्मेदारी और वित्तीय सहयोग मारवाड़ी महिला कमेटी संभालेगी।

प्रेस वार्ता में श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल की अध्यक्ष एडवोकेट अनीता थरड, कोषाध्यक्ष मीरा जालान और सचिव पूनम खैतान तथा मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा की अध्यक्ष सुनीता सवारिया, कोषाध्यक्ष पूनम केडिया और सचिव चित्रा जालान मौजूद रहीं।

सोनभद्र में गुजरात जैसा गरबा कराने की पहल

कार्यक्रम की संस्थापक एडवोकेट अनीता थरड ने बताया कि ‘सोनभद्र राजस्थानी गरबा’ शुरू करने का उद्देश्य शहर में गुजरात के बड़े शहरों की तरह भव्य और व्यवस्थित गरबा कार्यक्रम आयोजित करना था जहाँ महिलाओं, बहनों और बेटियों को गरबा खेलने के लिए सुरक्षित और सहज माहौल मिले, जिससे वे खुलकर आनंद ले सकें। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से हम तीनो संस्थाओं की महिलाएँ महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश करना चाहती हैं। हम महिलाओं ने साबित करने का प्रयास किया है कि वे एकजुट होकर घर की जिम्मेदारियाँ निभाने के साथ-साथ बिना किसी पूर्व अनुभव के भी बड़े कार्यक्रमों का सफल आयोजन कर सकती हैं।

पहले सीजन को मिला लोगों का भरपूर प्यार

मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा की अध्यक्ष सुनीता सवारिया ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित पहले सीजन को लोगों का शानदार समर्थन और प्यार मिला था। प्रतिभागियों ने गरबा का आनंद लेने के साथ-साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और मैनेजमेंट टीम की भी सराहना की। लोगों का संतुष्ट होकर लौटना हमारी पूरी महिला टीम के लिए गर्व की बात थी। उन्होंने कहा कि पहले सीजन की सफलता में मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा और श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इनके सहयोग के बिना पहले सीजन को इतनी बड़ी सफलता दिलाना बेहद मुश्किल होता।

नौ महिलाओं की मारवाड़ी महिला कमेटी संभालेगी आयोजन और फंडिंग

पिछले वर्ष आयोजन के दौरान आई चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए इस बार कार्यक्रम को और बेहतर बनाने के लिए मारवाड़ी महिला कमेटी आगे आई है। नौ महिलाओं की यह कमेटी इस वर्ष कार्यक्रम के आयोजन और फंडिंग की जिम्मेदारी संभालेगी। हालांकि, कार्यक्रम श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल और मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा के बैनर तले ही आयोजित होगा।

इस कमेटी में एडवोकेट अनीता थर्ड, सुनीता झुनझुनवाला, रितु जालान, ममता जालान, मीरा जालान, सविता चौधरी, शीला जैन, शिप्रा झुनझुनवाला और दीप्ति केडिया शामिल हैं। रितु जालान ने कमेटी की सभी सदस्यों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका प्रयास इस वर्ष कार्यक्रम को पहले से अधिक भव्य और व्यवस्थित बनाना है। उन्हें उम्मीद है कि तीनो संस्थाओं की महिलाओं के सहयोग से इस बार भी लोगों को शानदार अनुभव मिलेगा।

आयोजकों के अनुसार, इस बार संगीत, नृत्य और रंगों से भरी शाम को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं। कार्यक्रम में चौधरी कैटर्स की ओर से विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ अनलिमिटेड फूड की व्यवस्था भी रहेगी।


नगरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील

आयोजकों ने सोनभद्र के सभी लोगों से 27 अक्टूबर की शाम कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य सभी को संगीत, गरबा, उमंग और उत्साह से भरी एक यादगार शाम देना है।मारवाड़ी महिला कमेटी की सदस्य शीला जैन ने नगरवासियों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि जिस तरह पिछले वर्ष लोगों ने आयोजन को प्यार और समर्थन दिया था, उसी तरह इस बार भी सभी के सहयोग से ‘सोनभद्र राजस्थानी गरबा सीजन-2’ सफल रहेगा।