ओबरा । सोनभद्र । विंध्यलीडर संवाददाता । शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर ॐ श्री सदाशिव मंदिर परिसर में 21 कन्याओं का आचार्य प्रमोद चौबे द्वारा विधि-विधान से पूजन- अर्चन किया।
मंत्रोच्चार के बीच विजय श्रीवास्तव, विद्या मालवीय, अंजनी पाठक, मीना सिंह, चंद्रवती सिंह, अर्चना सिंह, संगीता श्रीवास्तव, नीता यादव, भैरवी सिंह, रीता चतुर्वेदी ने कन्याओं के चरण पखार कर उनका तिलक किया गया और आरती उतारी गई। पूजन के उपरांत सभी कन्याओं को भोजन कराकर उपहार स्वरूप दैनिक व शैक्षणिक उपयोग की वस्तुएं तथा द्रव्य (दक्षिणा) भेंट की गईं।

इस अवसर पर कन्या पूजन के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए आचार्य प्रमोद चौबे ने कहा कि सनातन संस्कृति ने नारी शक्ति को साक्षात मां जगदंबा का स्वरूप स्वीकार किया है। कन्याएं मां दुर्गा के नौ रूपों का साक्षात प्रतीक हैं। उनका पूजन करने से घर-परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है। समाज में बालिकाओं के सम्मान और सुरक्षा का संकल्प ही वास्तविक अर्थों में देवी उपासना है।

अनुष्ठान के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।






