निर्वाचन कार्य में लापरवाही किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आज यहां उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी..........

सोनभद्र । विंध्यलीडर संवाददाता । विधान परिषद के वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए कलक्ट्रेट सभागार में आज मतदान कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण के दौरान आयोजित किया गया। इसमें पीठासीन अधिकारियों और प्रथम मतदान अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों के साथ बैलेट बॉक्स खोलने और बंद करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभारी अधिकारी कार्मिक, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विकास अधिकारी और अन्य प्रशिक्षक मौजूद रहे। पीपीटी और वीडियो के माध्यम से मतदान से संबंधित नियमों, भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों तथा मतदान से एक दिन पहले की जाने वाली तैयारियों की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने मतदान कार्मिकों को निर्देश दिया कि निर्वाचन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्मिक प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन निर्वाचन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर रहा है।
वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन के लिए 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतदान दल निर्वाचन सामग्री के साथ कलक्ट्रेट परिसर लौटेंगे। डीएम ने संबंधित अधिकारियों और मतदान कार्मिकों को पूरी निष्पक्षता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

