मुंबई। मुंबई के मशहूर शायर नवीन जोशी ‘नवा’ के ग़ज़ल संग्रह ‘नवाइयत’ का विमोचन रविवार को गोरेगांव पश्चिम स्थित केशव गोरे ट्रस्ट सभागार में आयोजित साहित्यिक समारोह में हुआ। इस अवसर पर ग़ज़ल प्रेमियों, शायरों, कवियों और कवयित्रियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
समारोह में साहित्य ग़ज़ल की दुनिया से जुड़े कई प्रतिष्ठित रचनाकारों ने शिरकत की। मंच पर नवीन जोशी ‘नवा’, देवमणि पांडेय, नवीन चतुर्वेदी, ओबैद आज़म आज़मी, माधव बर्वे 'नूर' और सिद्धार्थ शांडिल्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन तनोज दाधीच ने किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पूनम विश्वकर्मा जी और मोहम्मद अहमद जी की ग़ज़ल गायकी रही। उन्होंने नवीन जोशी ‘नवा’ के ग़ज़ल संग्रह ‘नवाइयत’ की ग़ज़लों को अपनी आवाज़ में पेश किया। उनकी प्रस्तुति ने समारोह में मौजूद ग़ज़ल प्रेमियों को संग्रह की रचनाओं से रूबरू होने का अवसर दिया।
इस अवसर पर नवीन जोशी ‘नवा’ के पिता प्रमोद जोशी, उनकी पत्नी देवयानी जोशी और बेटी मेघशिखा जोशी भी मौजूद थीं। नवीन जोशी ‘नवा’ को साहित्य जगत से बधाइयाँ मिलीं। बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमियों की मौजूदगी ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।









