नई दिल्ली। पलवल में हुई वैश्य अग्रवाल समाज की महापंचायत ने शादी से पहले लड़का-लड़की के साथ घूमने और प्री-वेडिंग शूट कराने पर रोक लगाने का फैसला लिया है। शादी में डीजे नहीं बजेगा और न ही शराब की स्टॉल लगेगी। मृत्यु भोज भी बंद होगा। महंगे कार्ड और मिठाई-गिफ्ट भेजने के बजाय व्हाट्सएप मैसेज से निमंत्रण दिया जाएगा। सामाजिक कुरीतियों और दिखावे पर होने वाली फिजूलखर्ची रोकने के लिए गत दिनों समाज की महापंचायत हुई। इसमें पलवल के अलावा फरीदाबाद, गुरुग्राम और नई दिल्ली से भी समाज के लोगों ने सहभागिता की। महापंचायत में 8 महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। महापंचायत का नेतृत्व मंच के संयोजक एवं पूर्व पार्षद बलराम गुप्ता ने किया।

पलवल में हुई वैश्य अग्रवाल समाज की महापंचायत ने

अग्रवाल समाज के अनुकरणीय पहल का स्वागत, पूरे देश में गया बड़ा संदेश

उन्होंने बताया कि कई परंपराएं अब दिखावे का रूप ले चुकी हैं। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। मृत्यु भोज पूरी तरह बंद करने का फैसला लिया गया। दाह संस्कार के दौरान अर्थी पर चादरें चढ़ाने की संख्या कम करने पर भी सहमति बनी। तय किया गया कि शोक जताने आने वाले लोग चादर की जगह गोला, घी, कपूर या अन्य जरूरी सामग्री लेकर आएं, ताकि शोकाकुल परिवार को मदद मिल सके। उन्होंने कहा कि शादी से पहले लड़का-लड़की के साथ घूमने और प्री-वेडिंग फोटो शूट पर रोक रहेगी। शादी समारोह में तेज आवाज में डीजे नहीं बजेगा। बैंक्वेट हॉल के अंदर भी संगीत सरकारी ध्वनि सीमा के अनुसार ही बजाया जाएगा। महंगे निमंत्रण कार्ड छपवाने और उनके साथ मिठाई या गिफ्ट भेजने के बजाय वॉट्सएप मैसेज और फोन कॉल से निमंत्रण देने को बढ़ावा दिया जाएगा। शादी में दोनों पक्षों को मिलाकर मेहमानों की संख्या 300 से 400 तक सीमित रखी जाएगी।

उपरोक्त के संदर्भ में सोनभद्र के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता, प्रयास सामाजिक सेवा समिति के महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला उपाध्यक्ष संजय कुमार जैन ने कहा कि वैश्य अग्रवाल समाज की महापंचायत द्वारा विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों में अनावश्यक खर्च, दिखावे, मृत्यु भोज और नशे जैसी कुरीतियों पर रोक लगाने के निर्णय को अत्यंत सराहनीय एवं स्वागत योग्य है।

आज समय की मांग है कि समाज अपनी परंपराओं और संस्कारों को बनाए रखते हुए फिजूलखर्ची से दूर रहे। विवाह को प्रतिष्ठा और प्रतिस्पर्धा का माध्यम बनाने के बजाय संस्कार और पारिवारिक उत्सव बनाया जाए।

श्री जैन ने कहा कि समाज हित में ऐसे निर्णय केवल एक समाज तक सीमित न रहकर सभी समाजों के लिए प्रेरणा बनने चाहिए। सच्ची सामाजिक प्रतिष्ठा दिखावे में नहीं, बल्कि सादगी, संस्कार और सामाजिक एकजुटता में है।